अल्जीरिया के ऐन डेफला इलाके में एक यतीम लड़की की शादी की तैयारी चल रही थी। उसके पास न कोई ठोस सामान था, न चायज। जब किसी ने उससे पूछा कि शादी के दिन तुम्हारी सबसे बड़ी ख्वाहिश क्या है, तो लड़की ने शर्माते हुए सिर झुकाए रखा और धीरे से बोली – “रात के खाने के लिए सिर्फ दो मुर्गियां ही काफी हैं।”

यह वीडियो सोशल मीडिया पर पहुंचा तो जैसे बिजली लग गई। अल्जीरिया भर के लोग भावुक हो उठे। लोग कहने लगे – “ये लड़की कितनी संतुष्ट है, कितनी सादगी है।” कुछ घंटों में ही मदद का सैलाब शुरू हो गया। दूर-दूर से लोग पहुंचने लगे। कोई सोना लेकर आया, कोई घरेलू सामान, कोई पैसे, कोई पशु। एक जौहरी ने पूरा सोने का सेट भेंट किया। कई लोगों ने मिलकर उसके घर के लिए जरूरी चीजें इकट्ठा कर दीं।

शादी का दिन आया तो मंजर ही कुछ और था। सफेद रोल्स रॉयस और लग्जरी गाड़ियों का काफिला निकला। पारंपरिक वेशभूषा में युवक गोलियां छोड़ रहे थे, मोटर्स की आवाजें गूंज रही थीं। शादी का हाल भरा पड़ा था। लड़की को इतने तोहफे मिले कि उसने शायद कभी सोचा भी नहीं होगा। लोग कह रहे हैं कि अल्जीरिया में इतनी धूमधाम वाली शादी पहले कभी नहीं देखी गई।

इस घटना को देखने वाले कई लोग रो पड़े। एक बुजुर्ग ने कहा – “जब कोई इतनी कम मांगता है, तो अल्लाह और लोग दोनों मिलकर देते हैं।” सोशल मीडिया पर लोग लगातार लिख रहे हैं कि यह कहानी हमें याद दिलाती है कि संतोष कितना बड़ा गुण है और समाज कितना बड़ा सहारा हो सकता है।

अल्जीरिया के इस छोटे से गांव की यतीम दुल्हन की कहानी अब सिर्फ अल्जीरिया तक सीमित नहीं रही। कई देशों में लोग इसे शेयर कर रहे हैं और कह रहे हैं – “ऐसी कहानियां दिल को छू जाती हैं।”

(यह लेख उपलब्ध खबरों और वायरल वीडियो के आधार पर तैयार किया गया है।)